देवबंद (सहारनपुर)। अतिक्रमण की बढ़ती समस्या से निजात दिलाने के लिए लोगों ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि अतिक्रमण के कारण हर समय दुकानदारों और वाहन चालकों में विवाद होने का डर रहता है। प्रशासन को इस समस्या से निपटना चाहिए।
वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में एसडीएम रामविलास यादव को सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि अतिक्रमण के कारण गन्ना सीजन में किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। फल-सब्जियों के रेहड़ी दुकानों के बाहर व पुल के नीचे खड़ी कर दी जाती हैं जिस कारण सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं है। मंगलौर पुलिस चौकी से मजनूवाला रोड होते हुए शुगर मिल में करीब दो दर्जन गांवों के किसान ट्रैक्टर ट्रालियों में गन्ना डालने जाते हैं। लेकिन, अतिक्रमण के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए मंगलौर पुलिस चौकी से मजनूवाला रोड तक सड़क पर पसरे अतिक्रमण को हटवाया जाए। लोगों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। ज्ञापन देने वालों में सनोज जुड्डा, मनोज सिंघल, सोनू गुर्जर, पूरण सिंह, जोध सिंह आदि मौजूद रहे।