सहारनपुर में विद्युत निगम की टीम ने मोहल्ला समादार के मालीवाड़ा में एक मकान में सुबह लगभग साढ़े 6 बजे छापा मारा। अवर अभियंता समेत तीन लोगों को अचानक घर के अंदर घुसता देख महिला घबरा गई और हार्ट अटैक आ गया।
जिससे महिला की मौत हो गई। विद्युत निगम के कर्मचारियों की कार्रवाई के विरोध में लोगों ने जमकर हंगामा किया। मृतका के भाई ने अवर अभियंता समेत चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार को विद्युत निगम की टीम अवर अभियंता कृपाशंकर एवं तीन अन्य कर्मचारी मोहल्ला समादार मालीवाड़ा में सुबह लगभग साढ़े 6 बजे चेकिंग कर रही थी। आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारी धड़धड़ाते हुए नसीमा (42 वर्ष) के मकान में दाखिल हो गए।
अचानक तीन चार लोगों को अपने घर में घुसता देख नसीमा घबरा गई और घर के अंदर की ओर भागी और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। नसीमा की हालत देख परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत होते ही मोहल्ले के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। भारी संख्या में लोग नसीमा के घर इकट्ठे हो गए। लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश जताया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम की टीम को अचानक घर के अंदर देखकर नसीमा की दहशत में मौत हो गया। मृतका के भाई इसरार ने अवर अभियंता कृपा शंकर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता आरके सिंह का कहना है कि अवर अभियंता पर लगाए आरोप गलत हैं। उस घर में तो विद्युत निगम की टीम पहुंची भी नहीं थी। टीम दूसरी गली में चेकिंग कर रही थी। महिला की मौत किसी अन्य कारण से हुई होगी। इस मामले में उन्होंने क्रास एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं।