एनजीटी में फिर लगी तारीख, अब चार दिसंबर को होगी सुनवाई
सहारनपुर। खनन खुलने की राह देख रहे जनपदवासियों का इंतजार लंबा ही होता जा रहा है। इस मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) 4 दिसंबर को फिर सुनवाई करेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार को खनन खुल सकता है। जनपद वासियों की निगाहें बुधवार को एनजीटी में चल रही सुनवाई पर लगी रही।
जिले में खनन और उसके परिवहन पर लगी रोक मामले को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में सोमवार से लगतार सुनवाई चल रही है। इस मामले में सोमवार और मंगलवार के बाद बुधवार को भी सुनवाई हुई है। सूत्रों के अनुसार एनजीटी अब 4 दिसंबर को इस मामले की सुनवाई करेगा। खनन सामग्री और इससे जुडे़ व्यापारियों के साथ ही राज मिस्त्रियों एवं मजदूरों का इंतजार और लंबा हो गया है। जिले में फरवरी 2016 से ही खनन और उसके परिवहन पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने रोक लगा रखी है। इसके चलते जनपद में चल रहे निर्माण कार्य ठप हो गए हैं। परिवहन पर रोक के चलते खनन सामग्री को दूसरी जगहों से भी नहीं मंगवाया जा सकता है। इससे सीमेंट व्यापारियों से लेकर निर्माण कार्यों से जुडे़ तमाम कारोबार ठप हो गए हैं। निर्माण कार्यों से जुडे़ राज मिस्त्री और मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। अब लोगों की उम्मीद सोमवार को एनजीटी में होने वाली सुनवाई पर टिकी है।