बड़गांव (सहारनपुर)। शब्बीरपुर कांड में राजपूतों के दो युवकों पर रासुका की कार्यवाई को लेकर क्षत्रिय समाज के लोगों में शासन प्रशासन के प्रति आक्रोश पनप रहा है। समाज के लोगों ने सोमवार को गांव अंबेहटा चांद में पंचायत आयोजित कर आगामी 15 सितंबर को भाजपा भगाओ समाज बचाओ का नारा देकर महापंचायत करने की घोषणा की।
पुलिस प्रशासन द्वारा हाल ही में शब्बीरपुर कांड में अंबेहटा चांद निवासी सुधीर और सोनू पर रासुका की कार्रवाई की थी। ये दोनों अभी जेल में बंद हैं। समाज के युवकों पर पुलिस की एक पक्षीय कार्रवाई से नाराज राजपूत समाज के लोगों ने सोमवार को अंबेहटा चांद के शिव मंदिर में आयोजित पंचायत में केंद्र और प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। वक्ताओं ने कहा कि सरकार बनाने में उनके समाज का विशेष योगदान रहा उसके बाद भी उनका शोषण किया जा रहा है। शब्बीरपुर दंगे के सूत्रधार पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू पर सरकार ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। राजपूत समाज का उत्पीड़न रोकने के लिये बलिदान भी करना पड़े तो समाज पीछे नहीं हटेगा। रासुका की कार्रवाई के खिलाफ एक संघर्ष समिति का गठन किया गया। शासन प्रशासन के रवैये के विरुद्ध पंचायत में आगामी 15 सितंबर को अंबेहटा चांद में महा पंचायत करने का एलान किया गया। महा पंचायत में रासुका को लेकर आगे की रणनीति की तैयार की जायेगी। पंचायत में शामिल न होने वाले बीजेपी नेताओं का बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में क्षत्रिय महासभा के प्रदेशाध्यक्ष कान सिंह राणा, राजपूत उत्थान समिति के संदीप राणा, उपाध्यक्ष नाथी सिंह पुंडीर, सन्नी राणा, जिलाध्यक्ष कुशल पाल सिंह, कमल सिंह, सतेंद्र तोमर, कान सिंह, राजेंद्र फौजी, कुशल पाल फौजी, वेदपाल सिंह सहित काजी बास, ढिक्का कलां, रायपुर, लखनौती आदि गांवों से आये सैकड़ों लोग मौजूद रहे।