अमान्य स्कूलों के बच्चे पंजीकृत करने वालों पर हो कार्रवाई
साढौली कदीम (सहारनपुर)। मान्यता प्राप्त विद्यालय कल्याण संगठन की बैठक में संगठन की मजबूती पर बल दिया गया। बिना टीसी के प्रवेश लेने वाले या अमान्य स्कूलों के बच्चे पंजीकृत करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की मांग की गई।
शनिवार को क्षेत्र के गांव सलेमपुर गदा के बीएसएम जूनियर हाईस्कूल में आयोजित संगठन की बैठक में ब्लाक अध्यक्ष राजेश कांबोज ने कहा कि संगठन किसी भी कीमत पर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का शोषण नहीं होने देगा। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं सभी वर्गों के पात्र बच्चों के लिए एक समान छात्रवृत्ति दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि विगत चार वर्षों से गरीब एवं बेसहारा बच्चों को सरकार द्वारा कोई छात्रवृत्ति नहीं दी जा रही है। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत सरकार ऐसे पात्र बच्चों को छात्रवृत्ति या अन्य आर्थिक मदद देकर सहयोग करें। महासचिव अमित सैनी ने कहा कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में एक-एक बच्चे पर हजारों रुपये खर्च कर रही है। जबकि मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कोई आर्थिक सहायता नहीं दे रही है। उन्होंने मान्यता प्राप्त विद्यालयों में त्रिभाषा अनुदान, अध्यापकों का मानदेय एवं विद्यालय में कार्यपूर्ति के लिए आर्थिक अनुदान दिए जाने की मांग की। अध्यक्षता तेगराम शर्मा ने की। बैठक में राकेश शर्मा, नरेंद्र चैधरी, योगेंद्र शर्मा, पंकज कुमार, अनिल, संजय कुमार, कुलदीप, अनुराग कांबेाज, अवनीश, मन्नू सिंह सैनी, चंद्रपाल, दीपक कुमार, संदीप कश्यप, प्रमोद कुमार, अनुज सैनी व पंकेश कांबोज आदि मौजूद रहे।