सहारनपुर। जनपद में रविवार को 78 नए संक्रमित मिले। खास बात यह है कि 50 दिन बाद संक्रमितों का आंकड़ा 100 से कम रहा है। अभी तक जनपद में 32634 संक्रमित मिल चुके हैं। उधर, दूसरे दिन भी कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है, जो राहत की बात है। वर्तमान 2125 सक्रिय मरीज हैं।
जनपद में दस अप्रैल 2021 को 76 कोरोना संक्रमित मिले थे। उसके बाद 11 अप्रैल को 148 लोग पॉजिटिव आए थे। उसके बाद से पूरे 50 दिन तक यानी 29 मई तक संक्रमित आने वालों का आंकड़ा 100 से नीचे नहीं आया। एक दिन में एक हजार तक संक्रमित मिले। मगर अब कोरोना की दूसरी लहर ढलान पर है। नतीजा मात्र 78 संक्रमित मिले हैं। साथ ही कोरोना से कोई मौत भी नहीं है। रविवार को मिले 78 संक्रमितों में असगरपुर तथा गंगोह के पांच-पांच, रामपुर मनिहारान, बसेड़ा, करोंदी, लेबर कॉलोनी, जिला जेल, दुगचढ़ी, अलीपुरा, चंद्रनगर, पंजाबी बाग के दो-दो लोग शामिल हैं। इनके अलावा आवास विकास, नवीन नगर, दिल्ली रोड, पेपर मिल रोड, बेहट रोड आदि जगहों का एक-एक व्यक्ति संक्रमित आया है। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी का कहना है कि शासन और प्रशासनिक सख्ती के चलते संक्रमण पर अंकुश लगा है। मगर खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में लोग ढिलाई ना बरतें।