जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए शनिवार को हुए तीसरे चरण के मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह रहा। 72 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। युवाओं के साथ ही महिलाओं और बुजुर्ग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह रहा।
शनिवार को बलियाखेड़ी, नागल और पुवांरका ब्लॉकों में जिला पंचायत के 13 तथा क्षेत्र पंचायत के 345 वार्डों के लिए मतदान कराया गया। मतदान के लिए 305 मतदान केंद्र पर 800 बूथ बनाए गए थे। जिला पंचायत के 13 वार्डों पर 137 और क्षेत्र पंचायत के 345 वार्डों पर 1446 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया।
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। ज्यादातर मतदान केंद्रों पर सुबह से दोपहर तक वोट डालने वालों की कतार लगी रही। कई युवा बुजुर्ग, बीमार और विकलांग मतदाताओं को गोद में उठाकर मतदान केंद्रों तक ले जाते दिखाई दिए।
तीनों ब्लॉकों में सुबह सात बजे से नौ बजे तक 14 प्रतिशत, नौ बजे से 11 बजे तक 32 प्रतिशत, 11 से दोपहर एक बजे तक 48 प्रतिशत, एक से तीन बजे तक 61 प्रतिशत और तीन बजे से शाम पांच बजे तक 72 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह नौ से 11 बजे तक सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार ने भी 72 फीसदी से अधिक मतदान होने की पुष्टि की।