पाकिस्तान के प्रवक्ता हैं आतंकियों को मारने का सबूत मांगने वाले: राणा
बेहट (सहारनपुर)। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि सेना के जवान हमारी सुरक्षा में खड़े है, उनसे आतंकियों को मारने के सबूत मांगने वाले कभी राष्ट्रवादी नहीं हो सकते, ऐसे लोग पाकिस्तान के प्रवक्ता हैं और उसी की भाषा बोल रहे है।
शुक्रवार को बेहट में विजय लक्ष्य 2019 युवा सम्मेलन के दौरान गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक कर आतंकियों को मौत के घाट उतारने वाले हमारे बहादुर जवानों के शौर्य की पराकाष्ठा का गुणगान करने के बजाय देश के कुछ नेता आतंकियों को मारने के सबूत मांग रहे है। क्या उन्होंने कभी उन माताओं के दर्द को समझा है, जिसने अपने लाड़ले को सेना में भर्ती किया है और वह जवान जान हथेली पर रखकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर देता है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। गठबंधन पर कटाक्ष कर कहा कि यह तो ठगबंधन है, असली गठबंधन तो युवाओं का है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। उन्होंने दिल्ली की एक यूनिवर्सिटी में देश विरोधी नारे लगने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे अच्छे तो हमारे प्राइमरी स्कूल है, जहां से पढ़कर निकलने वाले हमारे युवा सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर राष्ट्र की रक्षा कर रहे हैं।
सम्मेलन में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण गोयल, सहारनपुर नगर निगम के महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक महावीर सिंह राणा, कार्यक्रम के संयोजक युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष यशवंत राणा आदि ने भी विचार रखे। क्षेत्रीय अध्यक्ष राजू कालड़ा, गन्ना विकास समिति चेयरमैन सुधीर राणा, जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा, कपिल त्यागी, मुकेश राणा, विजय सैनी, दूबे सिंह कांबोज, नरेंद्र बंसल, विकास गुप्ता, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बिजेंद्र सैनी, चिराग गुप्ता, अनुज राणा गदरहेड़ी, चेतन सैनी, प्रदीप दीवान, कृष्णा गाबा, गौरव त्यागी, मंडल महामंत्री सुभाष सैनी, पूर्व प्रधान भंगा सिंह सैनी आदि की मौजूदगी रही।