सहारनपुर। मतदान की तैयारियों के तहत सोमवार को सुपर मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार और विकास बारी ने मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीठासीन अधिकारियों को ईवीएम के बारे क्या क्या जानकारी देनी होगी। जिससे मतदान सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में दोनों सुपर मास्टर ट्रेनरों ने ईवीएम के बारे में मास्टर ट्रेनरों को जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर पीठासीन अधिकारियों को इस बारे में प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने मास्टर ट्रेनरों को मॉकपोल, सीरियल नंबर मिलाने, बूथ पर मशीन को मतदान के लिए तैयार करने आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं को भी ईवीएम के बारे में संतुष्ट करना होगा। यह पूरी कवायद मतदान को पारदर्शी बनाने के लिए की जा रही है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।