सहारनपुर। विश्वविद्यालय को धरातल पर लाने की मांग को लेकर सहारनपुर यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (सूटा) का प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी से मिला। शिक्षकों ने सरकार की मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय पर अतिशीघ्र काम शुरू कराने की मांग की, जिससे सत्र 2019-20 से पहले सत्र की शुरूआत की जा सके।
सूटा के सचिव डाक्टर संदीप गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सहारनपुर में विश्वविद्यालय बनाए जाने की स्वीकृति दी है। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए दस करोड़ रुपये भी बजट में रखे गए हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में प्रशासनिक स्तर से कदम उठाए जाने की जरूरत है। फुफुक्टा के प्रतिनिधि डॉ. लोकेश कुमार ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद परिणाम जल्द ही जारी हो जाएगा। जिसके बाद उच्च शिक्षा के लिए युवाओं की भागदौड़ शुरू हो जाएगी। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि वह शासन की मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय पर तेजी से काम करे, जिससे युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए जनपद न छोड़ना पड़े। डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद सहारनपुर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों के युवाओं को भी लाभ होगा। मंडलायुक्त ने शिक्षकों की मांग सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।