सहारनपुर। मोहल्ला ब्रह्मपुरी कालोनी निवासी ने दो लोगों पर उसका पर्स छीनने एवं उसमें रखी एफडी तथा खाली चेक के बदले एक लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला ब्रह्मपुरी कालोनी निवासी अंजू राय ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पूर्व फाइनेंस का काम करने वाले दो लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक कर पर्स छीन लिया। पर्स में 2,75,000 रुपये की एफडी तथा खाली चेक रखे थे। रामपुर मनिहारन थाना में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी। अब आरोपी एफडी एवं चेक वापस करने को लेकर मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न कर रहे हैं। परिवार को धमकी दी जा रही है। आरोप लगाया कि आरोपी ब्लैकमेल कर धन वसूलना चाहते हैं। उनसे एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस मामले में अंजू राय ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने एवं एफडी तथा खाली चेक वापस कराए जाने की मांग की है।