नागल (सहारनपुर)। सोमवार की रात नागल थाना पुलिस ने गांव बेलड़ा जुनारदार स्थित एक घर पर छापा मार कर सरिया एंगल बरामद करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में ग्राम वासियों के थाने पहुंच कर युवकों को बेगुनाह बताने और कंपनी के मैनेजर द्वारा बरामद सरिया अपना नहीं बताए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
बता दें कि एक पखवाड़ा पूर्व एनएच 344 का निर्माण कर रही कंपनी के चौकीदारों से मारपीट करते हुए पांच छह बदमाशों ने नगदी, सरिया व तांबे के तार लूट लिए थे। पुलिस ने मुकदमा कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। आसपास के कई संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि बेलडा गांव के एक घर में चोरी किया गया सरिया रखा है तो पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। वहां से करीब पांच क्विंटल सरिया मिला। पुलिस ने मकान मालिक के बेटे व एक अन्य को हिरासत में ले लिया लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इस बारे में थाना प्रभारी हरीश राजपूत ने बताया कि कंपनी के मैनेजर प्रदीप को बुलाया गया था लेकिन उसने बरामद सरिये को अपना बताने से इंकार कर दिया। इसलिए दोनों युवकों को छोड़ दिया गया।