सौ मीटर में सबसे तेज दौड़ा धर्मवीर पाल
बेहट (सहारनपुर)। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल विभाग द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय खुली ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को ब्लाक सढौली कदीम में आयोजित की गई।
पब्लिक इंटर कॉलेज साढौली कदीम परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख हंसराज गौतम ने किया। इसके बाद शुरू हुई दौड़ प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में लतीफपुर भूड़ निवासी निवासी धर्मवीर पाल, 400 मीटर दौड़ में हुसैन मलकपुर निवासी शुभम, 800 मीटर दौड़ में भी हुसैन मलकपुर निवासी विपिन, 1500 मीटर दौड़ में शाहपुर निवासी हरविंदर राणा और 3 हजार मीटर दौड़ में साढौली कदीम निवासी प्रशांत राणा ने सबसे तेज दौड़ कर प्रथम स्थान हासिल किया। वालीबाल में ग्राम पंचायत साढौली कदीम की टीम पहले स्थान पर रही, जबकि दूसरे स्थान पर हथौली की टीम रही। कबड्डी में भी साढौली कदीम की टीम प्रथम एवं साढौली भूड़ की टीम द्वितीय स्थान पर रही। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजयी खिलाड़ियों को रणधीर सिंह राणा एवं राजबीर सिंह राणा द्वारा संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर प्रवीण कुमार, आसकरण राणा, नसीम, राजेश कुमार आदि की मौजूदगी रही। बच्चों की अदाओं का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह पुंडीर द्वारा किया गया।