देवबंद (सहारनपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर में पदयात्रा निकाली। जिसमें कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वह महात्मा गांधी की सत्य और अहिंसा की विचारधारा की हत्या नहीं होने देंगे।
पदयात्रा मोहल्ला टांकान से शुरू होकर बस स्टैंड रोड, मेन बाजार, सब्जी मंडी, अनाज मंडी, पठानपुरा, भायला रोड और एमबीडी चौक से होते हुए टांकान में जाकर संपन्न हुई। बाद में कांग्रेस कार्यालय पर गोष्ठी में जिलाध्यक्ष शशि वालिया ने कहा कि भले ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी आज हमारे बीच नहीं हैं परंतु उन्होंने देश को आजाद कराने में जो अहम भूमिका निभाई उसे भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। नोटबंदी, जीएसटी तथा पेट्रोलियम पदार्थों में बेतहाशा वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ लाद दिया गया है। जिसका जवाब जनता भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में देगी। वालिया ने कहा कि मोदी व योगी ने चुनाव से पहले जनता से जो वायदे किए थे वह झूठे साबित हुए हैं। जिस कारण जनता का भाजपा से मोह भंग हो चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। गोष्ठी में वरयाम खान, अजय त्यागी, तंजीम सिद्दीकी, शहजाद उस्मानी, मजाहिर हसन, बिजेंद्र शर्मा, अब्दुल कादिर त्यागी, राहत खलील, संजय पालीवाल, अशोक सैनी, गुलफाम अंसारी, लइक अंसारी आदि ने भी विचार रखे। इस मौके पर नसीब खान, राशिद खान, नदीम अहमद, विकास राणा, सचिन कुमार, उमराव सिंह, रियाज फारूकी, रामकुमार, अब्दुल्लाह कुरैशी, फहीम उस्मानी आदि मौजूद रहे।