सरसावा। ग्राम इब्राहिमी में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का ट्रेन से कटा शव मिलने सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वाड की मदद से जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। युवक शुक्रवार की रात से अपने घर से गायब था।
शनिवार को दिन निकलते ही गांव इब्राहिमी निवासी मांगेराम के घर में मातम पसर गया। मांगेराम के 23 वर्षीय पुत्र अमित का शव गांव के समीप रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर मिला। मांगेराम ने बताया कि अमित शुक्रवार की रात नौ बजे से घर से गायब था। उन्होंने समझा की वह रिश्तेदारी में चला गया, लेकिन जब देर रात तक अमित घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सुबह एक ग्रामीण ने अमित का शव ट्रैक पर पड़ा होने की जानकारी दी। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ नकुड़ यतेंद्र नागर और थाना प्रभारी आदेश त्यागी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने अमित की हत्या किए जाने की आशंका जताई। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने ट्रैक से नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
-----------------------------------------
ट्रेन से कटकर अज्ञात की मौत
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन के नजदीक एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
शनिवार की सुबह छह बजे जीआरपी को सूचना मिली कि दीवानी कचहरी पुल के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति कटा हुआ शव पड़ा है। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि उसकी उम्र करीब 43 वर्ष है। उसके दाएं हाथ पर हनुमान जी गुदे हुए हैं। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।