सहारनपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में बंद भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर से मिलने 13 अगस्त को सहारनपुर पहुंच रहे हैं। उनके चंद्रशेखर से मुलाकात करने के कार्यक्रम को राजनीतिक जानकार 2019 के लोक सभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं।
चंद्रशेखर उर्फ रावण शब्बीरपुर घटना के बाद से रासुका के तहत एक साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं। राजनीतिक टीकाकारों का मानना है कि आम आदमी पार्टी पूरे शब्बीरपुर प्रकरण में मौन रही। क्योंकि उसे लग रहा था कि चंद्रशेखर के साथ चल रहे दलित बसपा का वोट बैंक हैं। मगर बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा भीम आर्मी को भाजपा और आरएसएस की उपज बताने के बाद से भीम आर्मी में मायावती के बयान को लेकर जो नाखुशी है। उसे आम आदमी पार्टी भुनाने की कोशिश में लग गई है। यही वजह है कि पूरे प्रकरण में आज तक मौन रही आम आदमी पार्टी और उनके नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 13 अगस्त को चंद्रशेखर से मिलने आ रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का चंद्रशेखर से मिलने आना एक नए राजनीतिक संकेत की ओर इशारा कर रहा है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि केजरीवाल से रावण की मुलाकात हो ही जाएगी। आम आदमी पार्टी 2014 के लोक सभा चुनाव में योगेश दहिया को चुनाव मैदान में उतार चुकी है।
----------------------------------------
...तो गांधी पार्क में करेंगे जनसभा
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य योगेेश दहिया ने बताया कि अरविंद केजरीवाल चंद्रशेखर उर्फ रावण से मिलने के लिए सहारनपुर आ रहे हैं। वह जिला जेल में चंद्रशेखर से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह शिक्षा मित्रों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, वकीलों के प्रतिनिधिमंडल, पुरानी पेंशन को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों आदि से मुलाकात करेंगे। यदि प्रशासन ने उन्हें चंद्रशेखर से मिलने की अनुमति नहीं दी तो वह गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संविधान की शपथ लेते हुए जन सभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।