बडग़ांव (सहारनपुर)। स्कूल प्रबंधक सुभाष राणा के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवीर पुंडीर के सामने पीड़ित परिजनों ने हत्याकांड में पुलिस खुलासे को लेकर रोष जताया। मृतक के पिता ने खुलासे के नाम पर पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगाया।
मंगलवार को पुलिस स्कूल प्रबंधक सुभाष हत्याकांड का खुलासा करके भले ही अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन पीड़ित परिजन पुलिस की कहानी को मनगढ़ंत बता रहे हैं। बुधवार शाम भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवीर सिंह पुंडीर पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे। मृतक के पिता बिरम सिंह का दर्द झलक गया। पूर्व जिलाध्यक्ष द्वारा पुलिस खुलासे के बारे पूछा तो बिरम सिंह ने पुलिस की कहानी को मनगढ़ंत बताया। पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस बदमाशों को बचा रही है। पीड़ित पिता ने मानवीर सिंह से सही खुलासा कराने की मांग की है। खुलासा ग्रामीणों के भी गले नहीं उतर रहा है।