सहारनपुर। जिला योजना समिति की बैठक में जनपद के विकास के लिए 410 करोड़ 11 लाख के प्रस्ताव को हरी झंडी दे गई। कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जनप्रतिनिधियों के साथ मंथन कर प्रस्ताव पास कर दिया। जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
विकास भवन सभागार में जिला योजना समिति की बैठक हुई। जिला प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए 410 करोड़ 11 लाख रुपये के प्रस्ताव पर जनपद के सातों विधायकों और जिला पंचायत सदस्यों के साथ चर्चा की। विधायकों और जिला पंचायत सदस्यों ने बजट के अभाव में अधूरी पड़ी योजनाओं से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कार्यों के प्रगति के बारे में जानकारी लेकर इन योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराए जाने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने एक-एक विभाग के बजट पर मंथन करने के बाद प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी। कैराना सांसद तबस्सुम, सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक संजय गर्ग, मसूद अख्तर, नरेश सैनी, बृजेश सिंह, देवेंद्र निम, प्रदीप चौधरी, जिलाधिकारी अलोक कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-------------------------------------
विधायकों ने रखीं समस्याएं
सहारनपुर। नगर विधायक संजय गर्ग ने बैठक में कहा कि पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में सुविधाएं नहीं हैं, जिस कारण लोगों को चंडीगढ़, देहरादून और दिल्ली जाकर इलाज कराना पड़ता है। इलाज के अभाव में मरीज दम तोड़ देते हैं। बेहट विधायक नरेश सैनी ने कहा कि उनके क्षेत्र में पानी का अधिक संकट है। बजट के अभाव में बंद पड़ी जल निगम की परियोजनाओं को शुरू कराया जाए। बरसात के दौरान कई गांवों में बाढ़ आ जाती है, लेकिन विभाग ने इस बार बाढ़ से निपटने के लिए कोई तैयारी नहीं की। सहारनपुर देेहात विधायक मसूद अख्तर ने कहा हर वर्ष जिला योजना की बैठक में जो प्रस्ताव तैयार होता है, उसका तीस प्रतिशत ही बजट मिल पाता है। उन्होंने पर्याप्त बजट दिए जाने और ग्राम पंचायतों में खराब पड़े हैंडपंपों को रिबोर कराए जाने की मांग की। देवबंद विधायक ब्रिजेश सिंह, रामपुर मनिहरान विधायक देवेंद्र निम और गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी ने प्रस्तावों पर अपनी सहमति जताई। जिला पंचायत सदस्य संदीप चौधरी, राजीव माजरा और नक्षत्रपाल ने उनके क्षेत्रों में हैंडपंप लगाए जाने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि हैंडपंप के लिए अलग से बजट नहीं है। तब जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि विधायक निधि से लगने वाले हैंडपंप उनके क्षेत्र में लगवाए जाएं।
--------------------------------
मंच पर जा बैठे भाजपा विधायक
सहारनपुर। कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही जब विकास भवन सभागार में पहुंचे तो उनके साथ आए भाजपा विधायक देवेंद्र निम, ब्रिजेश सिंह और प्रदीप चौधरी मंत्री के साथ मंच पर रखी कुर्सियों पर बैठ गए, जबकि मंच पर दोनों सांसदों, डीएम, मुख्य विकास अधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए कुर्सी रखी गई थी। भाजपा विधायकों द्वारा कुर्सियों पर बैठ जाने से अव्यवस्था फैल गई। बाद में अधिकारियों को उन्हें वहां से हटने का अनुरोध करना पड़ा। तब जाकर विधायकों ने कुर्सी छोड़ी और फिर नगर से सपा विधायक संजय गर्ग, कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर और नरेश सैनी के बराबर में पड़ी कुर्सियों पर भाजपा विधायकों को बैठाया गया।
------------------------------
विभागों के हिसाब से बजट
-- कृषि, उद्यान, पशुपालन, गन्ना एवं दुग्ध विभाग के लिए 13 करोड़ 65 लाख 99 हजार।
-- समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ी जाति कल्याण एवं महिला कल्याण के लिए 71 करोड़ 40 लाख 67 हजार।
-- ग्रामीण और शहरी पेयजल योजनाओं के लिए 21 करोड़ 97 लाख 50 हजार।
-- लोक निर्माण विभाग, गन्ना विभाग और पंचायती राज विभाग से बनने वाली सड़कों के लिए 101 करोड़ 82 लाख 55 हजार।
-- लघु सिंचाई, राजकीय नलकूप और बाढ़ नियंत्रण के लिए तीन करोड़ 53 लाख 45 हजार।
-- प्राथमिक, माध्यमिक शिक्षा, पॉलीटेक्निक, आईटीआई और उच्च के लिए 28 करोड़ 77 लाख 99 हजार।
-- होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक चिकित्सा के लिए 12 करोड़ 53 लाख का बजट रखा गया।
-- मनरेगा के लिए 30 करोड़ 99 लाख 11 हजार का बजट बनाया गया।
-- स्वच्छता कार्यक्रम के लिए 72 करोड़ रुपये प्रस्ताव है।