नानौता (सहारनपुर)। एक सप्ताह पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़ कर अपने प्रेमी के घर जा पहुंची युवती को प्रेमी युवक के परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नानौता क्षेत्र निवासी एक युवती का गुरुग्राम निवासी एक युवक के साथ बीते करीब 6 माह से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। दोनों की शुरूआत फोन पर बातचीत से शुरू हुई। करीब 15 दिन पूर्व युवती ने फोन पर अपने प्रेमी को बताया कि उसके घरवाले उसकी शादी किसी दूसरे युवक के साथ कर रहे हैं। इसके चलते एक सप्ताह पूर्व युवती के घर पहुंचा प्रेमी उसे संग लेकर फरार हो गया। युवती के परिजनों ने उसकी काफी तलाश की परंतु कहीं कोई पता नहीं चल पाया। इसी दौरान युवक के माता-पिता व मामा-मामी ने दोनों को साथ देखकर उनसे इस बाबत पूछताछ की और युवती को साथ लेकर नानौता थाने आ पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मामले की सूचना युवती के परिजनों को दी और थाने बुलाया। दोनों पक्षों द्वारा कोई शिकायत न किए जाने पर पुलिस ने युवती एवं युवक को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुधीर कुमार उज्ज्वल ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। कोई कार्रवाई नहीं चाहता है। युवक व युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।