उत्साहित रहे पहली बार वोट डालने वाले युवा
सहारनपुर। कैराना उप चुनाव में पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने जाति धर्म के नाम पर नहीं बल्कि देश के विकास, रोजगार और सुशासन के लिए वोट दिए। युवाओं का कहना है कि उन्हें रोजगार के साथ ही रहने के लिए भी बेहतर माहौल की आवश्यकता है। जबकि कई युवा वोटर की चाहत विकास के साथ अच्छी कानून व्यवस्था रही।
सोमवार को कैराना उपचुनाव में जनपद की गंगोह एवं नकुड विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। इसमें बड़ी संख्या में बड़ों के साथ ही युवाओं ने भी भागेदारी की। गंगोह के हिंदू राष्ट्रीय इंटर कालेज से वोट देने के बाद निकल रहे बीटेक के छात्र अभिषेक ने बताया कि उन्होंने पहली बार मतदान किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आज रोजगार पाने के साथ ही बेहतर कानून व्यवस्था की दरकार है। उन्होंने उसी पार्टी के प्रत्याशी को वोट दिया है जिसे वे मानते हैं कि वो युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतर सकेगी। उसके साथ पहली बार वोट डालने पहुंचे आशीष का कहना था कि जातिवाद और धर्म के स्थान पर युवाओं ने अपने उज्ज्वल भविष्य के पक्ष में मतदान किया है। पहली बार उत्साहित होकर वोट डालने पहुंचे युवा मो. तौकीर अंसारी और मो. फैसल ने बताया कि उनके एजेंडे में सबसे पहले देश का विकास है। वे उसी प्रत्याशी को वोट देने आए हैं जिसे वे मानते हैं कि वह युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतर सकेंगी। उन्होंने बताया कि रोजे रहने और भारी गर्मी के बावजूद वे लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने के लिए मतदान करने आए हैं।