विद्युत तार टूटकर सड़क पर गिरा, दो बच्चे झुलसे
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद-गंगोह बाइपास पर एचटी लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिरने से इसकी चपेट में आकर दो बच्चे झुलस गए जबकि दो बच्चों ने भागकर जान बचाई। इससे अफरातफरी मच गई। बाद में लोगों ने बामुश्किल बच्चों को वहां से बचाया और उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
बुधवार शाम करीब पांच बजे देवबंद-गंगोह बाईपास पर बने उर्दू गेट के पास ट्यूबवेल पर बैठे लोगों में उस समय अफरातफरी मच गई। जब एचटी लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। मोहल्ला अब्दुलहक निवासी उजैर पुत्र गुफरान (10) और उवैस (11) करंट लगने से झुलस गए। उजैर का एक पैर और उसकी अंगुलियां झुलसी हैं जबकि उवैस के भी पैरों में करंट लगा है। इस दौरान वहां साइकिल पर खड़े दो बच्चे अपनी साइकिल छोड़कर भाग गए। उनकी जान तो बच गई। लेकिन तार साइकिल से टकराने पर उसमें आग लग गई।
घटना के कुछ देर बाद लोगों की सूचना पर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई और झुलसे बच्चों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। चिकित्सक का कहना है कि बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। क्षेत्र के लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों के प्रति गुस्सा जताया। उन्होंने कहा कि बार-बार तार टूटने के हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद जर्जर तारों को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है। यदि निगम का यही रवैया रहा तो लोगों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।