उप चुनाव में सख्ती से होगा आचार संहिता का पालन : डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि कैराना उप चुनाव की घोषणा के साथ लागू हुई आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर उन्हें नियमों के प्रति सचेत कर दिया गया है। नुकुड़ और गंगोह विधानसभा में सिंगल विंडो व्यवस्था लागू रहेगी, जहां से प्रत्याशियों को अनुमति संबंधी सभी सुविधाएं मिलेगी। उधर, एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
डीएम पीके पांडेय और एसएसपी बबलू कुमार ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों को कैराना लोकसभा उप चुनाव कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि तीन मई से नामांकन प्रक्रिया शामली के जिलाधिकारी एवं रिटर्निंग आफिसर के यहां होगी। नकुड़ विधानसभा में उप जिलाधिकारी युगराज सिंह और गंगोह में डिप्टी कलेक्टर डीपी सिंह रिटर्निंग आफिसर रहेंगे। बताया कि दोनों विधानसभा में राजनीतिक दलों के बैनर और होर्डिंग्स हटाने का काम पूरा हो गया है। लोकसभा क्षेत्र में प्रत्येक प्रत्याशी की खर्च की सीमा 70 लाख रुपये निर्धारित की गई है। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के बाद मतदेय स्थलों की संवेदनशीलता पूरी तरह साफ हो जाएगी। प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त पुलिस की व्यवस्था रहेगी। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दुबे भी इस दौरान मौजूद रहे।
एक मई से बनेंगे नए वोटर
जिलाधिकारी ने बताया कि एक मई से एक जनवरी तक 18 साल उम्र के युवक और युवतियां नए वोटर के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
विधानसभा मतदान केन्द्र मतदेय स्थल
नुकुड 221 372
गंगोह 203 392
विधानसभा मतदाता पुरुष महिला
नुकुड 331586 176506 155073
गंगोह 359348 192787 166549
------
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चेताया
सहारनपुर। डीएम पीके पांडेय ने बृहस्पतिवार को कैराना उप चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ बैठक कर उन्हें आदर्श आचार संहिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रतिनिधियों की समस्याओं का भी निराकरण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, लोकदल जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम, चौधरी धीर सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, सपा नगर अध्यक्ष आजम शाह, सीपीआई के जनेश्वर प्रसाद बैठक में मौजूद रहे।