पांच इंटर कालेजों में शुरू हुए योग शिविर
सहारनपुर। बच्चों और युवाओं को योग से जोड़ने के मकसद से माध्यमिक विद्यालयों में तीन सप्ताह तक योग के विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनकी शुरूआत मंगलवार से कर दी गई। पहले दिन बालिकाओं के पांच इंटर कालेजों में योग शिविर लगाए गए। इनमें मोक्षायतन योग संस्थान के प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण दिया।
योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण की पहल पर सभी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में योग के विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। जनपद में शिक्षा विभाग और मोक्षायतन योग संस्थान मिलकर इन शिविरों केे आयोजित कर रहा है। ये योग शिविर 24 अप्रैल से 20 मई तक चलेंगे। शिविरों की शुरूआत मंगलवार से कर दी गई। पहले दिन जेबीएस कन्या इंटर कालेज, इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कालेज, आर्य कन्या इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज और दिगंबर जैन कन्या इंटर कालेज में प्रार्थना सभा के बाद योग शिविर लगाए गए। इनमें मोक्षायतन योग संस्थान के आचार्यों ने योगासन करवाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य और जीवन के लिए योग का महत्व समझाया।