व्यापारियों ने नगरायुक्त का घेराव किया
सहारनपुर। नगर निगम इन दिनों कोर्ट रोड पर नाले से अतिक्रमण को तोड़ रहा है। तोड़ा गया सीमेंट और ईंटें सड़क पर फैली हैं। इसकी वजह से नाराज व्यापारियों ने नगरायुक्त का घेराव कर नाराजगी व्यक्त की।
कोर्ट रोड पर नाले का नए सिरे से निर्माण कराकर नगर निगम उस पर स्लैब डालकर फुटपाथ तैयार करेगा। पिछले 25 दिन से नगर निगम कोर्ट रोड पर नाले के एक हिस्से पर सीमेंट के स्लैब का निर्माण करा रहा है। इसकी वजह से वाहनों की आवाजाही बंद है। अब चार दिन से नाले पर दुकानदारों द्वारा किए गए पक्के अतिक्रमण को मशीन से तोड़कर सड़क पर डाला जा रहा है। इसकी वजह से व्यापारियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। शनिवार को मौके पर पहुंचे नगरायुक्त गौरव वर्मा का व्यापारियों ने घेराव किया और समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान हरीश डंग, आदित्य शर्मा, कुलविंदर सिंह, धनी जैन, जितेंद्र मारवा, वरुण शर्मा, राजीव ठकराल, अतुल, वरुण आदि रहे।