सहारनपुर। जनपद के चार केंद्रों पर चल रहा यूपी बोर्ड की दसवीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन शुक्रवार को खत्म हो गया। अब परीक्षार्थियों को परिणाम का इंतजार है, जिसके 15 से 20 अप्रैल के बीच जारी होने की उम्मीद है।
दसवीं और 12वीं की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए जनपद में चार केंद्र बनाए गए। इनमें बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज, जेवी जैन इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और एसएएम इंटर कॉलेज शामिल रहे। इन केंद्रों पर करीब साढ़े पांच लाख कॉपियों की जांच की गई। मूल्यांकन 31 मार्च तक संपन्न किया जाना था, मगर जनपद में यह मूल्यांकन एक दिन पहले यानी 30 मार्च को ही निपटा लिया गया। मूल्यांकन निपटने के बाद अब परिणाम जारी होने का इंतजार शुरू हो गया है। परीक्षार्थियों की धड़कने बढ़ने लगी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने मूल्यांकन निपटने की पुष्टि की। परिणाम 15 से 20 अप्रैल के बीच आने की बात कही।