सहारनपुर। महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान रथ को जिलाधिकारी पीके पांडे और मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जनपद भर में भ्रमण कर जागरूकता फैलाने का कार्य करेगी।
शुक्रवार को रथ को झंडी दिखाने के बाद डीएम ने कहा कि बेटियों को जो दर्जा मिलना चाहिए इसके लिए आज भी समाज चिंतित नहीं है। यदि हमें भविष्य को बेहतर बनाना है तो हमें बेटियों को आगे लाना होगा। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्याओं के लिए समाज की सोच को जिम्मेदार करार दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का उद्देश्य बेटी को उसका सम्मान दिलाना है। उन्होंने कहा कि समाज की सोच में परिवर्तन लाकर ही बेटियों को उचित सम्मान दिलाया जा सकता है। जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मोबाइल वैन जिले भर में घूमते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का प्रचार प्रसार करेगी।