सहारनपुर। पटनी स्थित डायट में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक मेले के समापन पर बलियाखेड़ी ब्लॉक के गांव बादशाहपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका डॉ. पूजा यादव को योग के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए डायट प्राचार्य राज सिंह यादव के द्वारा सम्मानित किया गया। डा. पूजा ने पिछले दिनों राज्य स्तरीय पीएलसी प्रस्तुतिकरण राज्य शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद लखनऊ में अपने काम से सबको प्रभावित किया। बेहतर प्रस्तुति पर एससीईआरटी के निदेशक अजय सिंह द्वारा डॉ. पूजा यादव को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद पूजा ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों में योग प्रशिक्षण चलाया। साथ ही शैक्षिक मेले में स्टॉल भी लगाया, जिसपर काफी भीड़ रही। उनके इसी काम के लिए बृहस्पतिवार को डायट में उनको सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण प्रभारी देवेंद्र कुमार, बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह, प्रदीप कौशिक आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने सीखी डायलॉग बोलने की कला
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज के शिक्षा विभाग में आयोजित स्किल डेवलेपमेंट प्रोग्राम के पांचवें दिन रंगकर्मी व गुरुकुल के निदेशक प्रशांत राजन द्वारा बीएड और एमएड के विद्यार्थियों को मोहन राकेश और विजय तेंदुलकर द्वारा लिखे नाटकों के डायलॉग बोलना सिखाया। दूसरे सत्र में रिसोर्स पर्सन नीला राय ने विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल की जानकारी दी। उन्होंने दो टीम बनाकर छात्रों से एक्टिविटीज कराईं। इस दौरान डॉ. शुभ्रा चतुर्वेदी, डॉ. पूनम शर्मा, डॉ. डीके शर्मा आदि मौजूद रहे।
कॉपियां नहीं जांचेंगे वित्त विहीन शिक्षक
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक संघ ने यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के बहिष्कार का एलान किया है। बृहस्पतिवार को हुई संगठन की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में राजवीर सिंह, लोकेश पंवार, सुरेंद्र आर्य, निर्दोष तोमर, अमित कुमार, आशीष शर्मा, गजराज राणा, बिजेंद्र सिंह, विपिन कुमार, सहेंद्र सिंह, सुखपाल सिंह, संजय सैनी आदि मौजूद रहे।