देवबंद (सहारनपुर)। जड़ोदाजट गांव में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला आयोजित किया गया। जिसमें पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं में होने वाली बीमारियों व उनसे बचाव के टिप्स दिए।
कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. वाई.पी. सिंह और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. धीरज शर्मा ने पशु पालकों को पशुओं की देखभाल के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं में बांझपन, बधियाकरण, खुरपका-मुंहपका व गला घोटू बीमारी का समय से टीकाकरण कराने की सलाह दी। कहा कि पशुपालन ही किसानों की आय दोगुनी करने में अहम भूमिका है। इस दौरान 254 पशुओं की चिकित्सा की गई। कार्यक्रम में पशु चिकित्सा अधिकारी बड़गांव डा. प्रमोद कुमार, भावसी के डा. एस.के. तोमर व गंगोह के डा. वीके सिंह आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता तेजपाल सिंह व संचालन पशुधन प्रसार अधिकारी डा. विनय पंडित ने किया। इस मौके पर अमरीश कुमार, भरत सिंह, संजय कुमार, सलीम अहमद, राजीव कुमार, युद्धवीर सिंह, चरण सिंह, सुनीत सिंह, बिजेंद्र, कुलबीर, रविंद्र, रामकुमार, तेजपाल, जितेंद्र, कुशलपाल, बाबूराम, पवन, बिशन सिंह, राजेंद्र, राजू आदि रहे।