सहारनपुर। बीएसएफ में डिप्टी कमांडेंट पद पर तैनात सहारनपुर के बेटे नरेंद्रपाल सिंह को विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सम्मानित करेंगे। सम्मान के लिए चयन से नरेंद्रपाल सिंह के परिवार में खुशी की लहर है।
सम्मानित करने के लिए विभिन्न इकाइयों में तैनात बीएसएफ के 52 अधिकारियों और कर्मचारियों को चुना गया है। इनमें सहारनपुर के गांव रोशनपुर तहसील नकुड़ निवासी नरेंद्र पाल सिंह का नाम भी शामिल है, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए चुना गया है। नरेंद्रपाल सिंह के चयन से परिवार में खुशी की लहर है। उनके एक भाई जितेंद्रपाल सिंह गांव में ही रहते हैं, जो किसान हैं। जितेंद्रपाल सिंह ने बताया कि जब से यह सूचना मिली है तो ग्रामीणों में भी खुुशी की लहर है। दूसरे भाई वीरेंद्रपाल सिंह पंत नगर में रहते हैं। वीरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि नरेंद्रपाल सिंह लंबे समय तक एसपीजी में रहे हैं, जो पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हाराव, चंद्रशेखर और वीपी सिंह की सुरक्षा में रहे हैं। वर्तमान में वह बीएसएफ में डिप्टी कमांडेंट हैं और गोकुलपुर में तैनात हैं।