बड़गांव (सहारनपुर)। बैंक शाखा में आधार लिंक कराने आए चौकीदार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। हार्ट अटैक के समय शाखा में मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस से लेकर 108 सरकारी सेवा तक को फोन किया, लेकिन समय पर इनमें से कोई नहीं पहुंचा।
जयपुर गांव निवासी ब्रहमपाल चौकीदार है। सोमवार सुबह वह कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में अपने बैंक खाते से आधार लिंक कराने आया था। कुर्सी पर बैठे हुए अचानक उसकी गर्दन एक ओर को लुढ़क गई। यह देखते ही शाखा परिसर में अफरातफरी मच गई। सभी लोग शाखा से बाहर आ गए। ग्रामीणों ने पुलिस से लेकर 108 पर कॉल की, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिल पाई। करीब आधा घंटा की देरी से पहुंची 108 एंबुलेंस से ग्रामीणों ने चौकीदार को नानौता अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने इसे हार्ट अटैक से मौत बताया है।