बेहट (सहारनपुर)। भाकियू की मासिक पंचायत में कर्ज माफी, गन्ना मूल्य, नकली खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाइयों की बिक्री समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। पंचायत के बाद एक सात सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा गया।
तहसील परिसर में आहूत मासिक पंचायत में बोलते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि सरकार की कर्ज माफी योजना से सभी किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए सरकार सभी किसानों को कर्ज माफी के दायरे में लेना चाहिए। उन्होंने गन्ना मूल्य पर बोलते हुए कहा कि सरकार गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करें। इसके अलावा पंचायत में दुकानों पर बेची जा रही नकली खाद, बीज एवं कीटनाशकों की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने, खारा कैनाल से निकलने वाले रजबहों की सिल्ट सफाई कराए जाने, प्रधानमंत्री आवास आवंटन के पात्र व अपात्रों की जांच कराए जाने, सहकारी समितियों पर किसानों को खाद व बीज उधार एवं नगद उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई। पंचायत के आखिरी में अवैध खनन को लेकर चर्चा हुई, जिसमें भाकियू पदाधिकारियों ने मुद्दा उठाया, कि यूपी की सीमा में हरियाणा के लोग खनन कर रहे है, जबकि पुलिस प्रशासन कड़ाईवाला एवं लोदीबांस के ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रहा है। यदि पुलिस ने गलत कार्रवाई करना बंद नहीं किया, तो भाकियू आंदोलन को बाध्य होगी। पंचायत में मंडल सचिव सुरेंद्र कांबोज, जिला संगठन मंत्री हमीद खां, अनुज कश्यप, तहसील महासचिव सुरेश चौहान, रघुवीर सिंह चौहान, गंगाराम शर्मा, नौशाद, अख्तर चौधरी आदि की मौजूदगी रही।