सहारनपुर। आज विश्व मधुमेह दिवस है। ऐसे में इस अति गंभीर रोग के बारे में लोगों को जागरूक किया जाना बेहद जरूरी है। वह भी तब, जबकि यह रोग हमारे देश में सबसे तेजी से फैल रहा हो। जानकर हैरानी होगी कि दुनिया के कुल 42 करोड़ मधुमेह के रोगियों में सबसे अधिक संख्या भारतीयों की है। यानी भारत मधुमेह रोगियों की संख्या के मामले में पहले नंबर पर है, जो चिंता का विषय है। भारत में फिजिशियन के पास जाने वाला हर चौथा मरीज मधुमेह से ग्रसित है।
भारत में मधुमेह के रोगियों की संख्या करीब साढ़े छह करोड़ है, जिसके 2025 तक नौ करोड़ से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। बताया कि विश्व में हर दस सेकेंड में दो लोग मधुमेह का शिकार बनते हैं। डॉ. संजीव मिगलानी बताते हैं कि हर मिनट में होने वाली छठी मौत का कारण मधुमेह और उसके दुष्प्रभाव हैं। मधुमेह का रोगी अपने खानपान में बदलाव लाकर, शुगर बढ़ाने वाली चीजों से परहेज कर अपनी शुगर को कंट्रोल रख सकता है। खानपान के साथ ही प्रतिदिन व्यायाम और योग की क्रियाएं करके भी शुगर की बीमारी के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है। बताया कि मधुमेह तीन प्रकार की होती है, जिनमें टाइप-वन दस प्रतिशत, टाइप-टू 90 प्रतिशत और जीडीएम में पांच प्रतिशत शामिल हैं। उधर, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने मधुमेह रोगियों की संख्या लगातार बढ़ने पर चिंता व्यक्त की। बताया कि जन जागरूकता के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अनेक कार्यक्रम चला रहा है। जिसमें लोगों के जागरूक होने की जरूरत है।
मधुमेह के लक्षण
- बार-बार पेशाब आना और प्यास लगना।
- बहुत अधिक भूख लगना और अचानक से वजन कम होना।
- चश्मे का नंबर बार-बार बदलना और बार-बार इंफेक्शन होना।
- हाथों और पैरों में झनझनाहट रहना व हाथ व पैरों का सुन्न रहना।
- घाव का देरी से ठीक होना तथा आंखों के सामने धुंधलापन आना।
- अधिक थकान होना व मसूड़ों आदि में बार-बार इंफेक्शन होना।
मधुमेह की जटिलताएं
- गुर्दों का खराब होना, जिसमें चेहरे, हाथों और पैरों पर सूजन आना।
- आंखों में मोतिया या अंधापन आना।
- दिल पर असर, जिसमें दर्द रहित हार्ट अटैक होता है या दिल फैल जाता है।
- बार-बार इंफेक्शन होना, जिसमें न्यूमोनिया और टीबी का होना।
- दिमाग की नसें कमजोर होना और लकवा मार जाना।
क्या खाएं और क्या नहीं
मधुमेह के मरीजों को शक्कर, गुड़, ग्लूकोज, शहद, मिठाई, तेलयुक्त अचार, पेस्ट्री, केक, सॉफ्ट ड्रिंक्स, सूखे मेवे जैसे किसमिस, काजू आदि, शराब, बीयर, जैम व जैली, चॉकलेट, आलू, अरबी, आम, केला, चीकू, तरबूज, जंक फूड खाने से बचना चाहिए। मधुमेह के मरीज हरी और पत्तेदार सब्जियां, सलाद में मूली, खीरा, ककड़ी, सब्जियों के पतले सूप, छिलके वाली दालें, साबूत अनाज, ब्राउन ब्रेड, ब्राउन चावल, अमरूद, सेब, संतरा, पपीता, अखरोट और बादाम खा सकते हैं।