- बुलंदशहर की घटना के दोषियों को सजा और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद।
बुलंदशहर में मृतक महिला के परिवार को इंसाफ और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग को लेकर बहुजन मुक्ति पार्टी (बीएमपी) ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है।
सोमवार को ज्ञापन देने से पूर्व वाल्मीकि बस्ती में आयोजित बैठक में समाज के लोगों ने जातिगत घटना पर रोष प्रकट किया। एसडीएम रामविलास यादव को सौंपे ज्ञापन में बहुजन मुक्ति पार्टी के सदस्यों ने कहा कि बुलंदशहर के गांव खेतलपुर भांसौली में 15 अक्तूबर को वाल्मीकि समाज की महिला सावित्री (9 माह की गर्भवती) पत्नी दलीप कुमार रास्ते में चलते समय राजपूत समाज की महिला से छू गई थी। आरोप है कि राजपूत समाज की महिला ने उसको जातिसूचक शब्द कहकर पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं महिला के पुत्र ने भी लाठी-डंडों से सावित्री की जमकर पीटा। घायल को उसके परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन गंभीर चोटों के कारण 21 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई थी। बहुजन मुक्ति पार्टी ने राज्यपाल को घटना से अवगत कराते हुए उचित कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल के बाद भी जातिवाद कितना होता है कि एक अछूत के छूने भर से उसे मौत के घाट उतार दिया जाता है। इसलिए दोषियों को फांसी की सजा दिलाकर मृतक के परिवार को इंसाफ दिलाया जाए। अन्यथा संगठन घटना के विरोध में सड़कों पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होगा। इस मौके पर जिला महासचिव कुलदीप लहरी, अर्जुन तिषावर, सावन लहरी, गौरव, विशाल, जोगेंद्र, राजकुमार, प्रदीप लहरी आदि मौजूद रहे।