स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
सहारनपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधान एवं सचिव स्वच्छता समारोह में सम्मानित किये जाएंगे। यह बात जिलाधिकारी ने स्वच्छता समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत भारत सरकार की ओर से 15 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलाये जाने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा मनाया जाएगा।
डीएम ने 105 ग्राम पंचायतों को 11 विकास खंडों के स्तर पर सूचीबद्ध कर 15 दिनों के भीतर खुले में शौच मुक्त बनाने के साथ-साथ विशेष स्वच्छता अर्जित करने के लिए भी सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर समन्वय करने का कहा। इस दौरान सफाई कर्मियों का रोस्टर बनाकर प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्कूल, आंगनबाड़ी, शौचालय, स्कूल परिसर, गांव की पानी निकासी की मुख्य नालियों को विशेष रूप से साफ करने के निर्देश दिए। स्वच्छता को विकास का मुख्य दर्पण बताते हुए जनपद के समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को भावनात्मक रूप से स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील किया। डीएम ने स्वच्छता के साथ-साथ ग्राम पंचायतों के अभिलेखों का रखरखाव तथा जन सरोकार से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं में अधिक से अधिक पारदर्शिता से कार्य करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए समस्त सचिव एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत से ग्राम पंचायत वार योजना बनाकर स्वच्छता अभियान सफल बनाने के सुझाव दिए। बैठक में पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने की अपील के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में जनपद के समस्त सचिव ग्राम पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी, खंड स्वच्छता प्रेरक, डीपीएम आशीष कुमार, डीपीसी देवभास्कर पांडेय एवं अभिषेक सिंह उपस्थित रहे।