भाकियू ने सौंपा कृषि मंत्री को ज्ञापन
सहारनपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने शुक्रवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही को ज्ञापन सौंपा। सर्किट हाउस में कृषि मंत्री को सौंपे ज्ञापन में भाकियू ने कहा कि फसलों की सिंचाई के लिए नलकूपों का विद्युत संयोजन कराया जाए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों से ऋण वसूली में ब्याज अनुदान दिसंबर 2017 तक बढ़ाया जाए। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही ऋण मोचन योजना में सभी किसानों को शामिल किया जाना चाहिए। भाकियू ने विद्युत बिलों के भुगतान में ब्याज, सरचार्ज की छूट को मार्च 2018 तक बढ़ाने सहित अन्य कई मांग की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार, महानगर अध्यक्ष मुकेश तोमर, मेवाराम, रघुवीर सिंह, संजील कुमार, केहर सिंह, मनोज कुमार, सोहनवीर सिंह, संजय चौधरी, जयपाल सिंह, निरंजन सिंह आदि रहे।
11 सितंबर से आंगनबाड़ी करेंगी भूख हड़ताल
सहारनपुर। आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन की बैठक में जिलाध्यक्ष खुर्रत ने कहा कि सरकार उनके साथ छलावा कर रही है। अन्याय के विरोध में 11 सितंबर को हकीकत नगर धरनास्थल पर भूख हड़ताल की जाएगी।
शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित सीटू कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों को पिछले पांच महीने से मानदेय नहीं मिल रहा है। महासचिव रजनी राणा ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारियों के साथ धोखा हो रहा है। उन्होंने राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने, 18000 हजार रुपये मानदेय दिलाने, समान काम का समान वेतन दिलाने, उन्नति आदि की मांग करते हुए कहा कि अन्याय के विरोध में 11 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। करूणा धवन, समीना नाज, यशोधरा, सुषमा भटनागर, उमा, सुनीता विष्ट, गुलशन खान, शर्मिला, अमिता, फरजाना, कौसर जहां, रिहाना बेगम, गीता, रेखा, सुमन अग्रवाल, शोभा वर्मा, शाहजहां, दयारानी, सूरज बाला, मीनाक्षी, शकुंतला, श्रीलेखा आदि रहीं।