जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दूसरे चरण में तीन ब्लॉकों में मतदान शांतिपूर्वक करा लिया गया। कुल 69.64 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन ब्लॉकों में से देवबंद में सबसे कम 66 फीसदी और रामपुर मनिहारान में सबसे अधिक 75 फीसदी मतदान हुआ।
दूसरे चरण में जनपद के रामपुर मनिहारान, देवबंद और नानौता ब्लॉक में जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन कराया गया। इसमें जिला पंचायत के 11 और क्षेत्र पंचायत के 259 वार्ड शामिल थे। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चला। पहले दो घंटे में मतदान काफी धीमा रहा। सात बजे से नौ बजे तक रामपुर मनिहारान में 15.05 फीसदी, नानौता में 13.05 फीसदी और देवबंद में 15.05 फीसदी मतदान रहा।
नौ से 11 बजे तक रामपुर मनिहारान में 33 फीसदी, नानौता में 33.05 फीसदी और देवबंद में 35.05 फीसदी मतदान हुआ था। 11 से एक बजे तक रामपुर मनिहारान में 53.05 फीसदी, नानौता में 47 फीसदी और देवबंद में 46 फीसदी मतदान हो चुका था। एक से तीन बजे तक रामपुर मनिहारान में 64 फीसदी, नानौता में 60.05 फीसदी और देवबंद में 55 फीसदी मतदान हुआ था।
अंतिम दो घंटे यानी तीन से पांच बजे तक रामपुर मनिहारान में सर्वाधिक 75 फीसदी, नानौता में 68.5 फीसदी और देवबंद में 66 फीसदी मतदान रहा। इस प्रकार कुल 69.64 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के लिए तीनों ब्लॉक में 222 मतदान केंद्र और 622 मतदान स्थल यानी बूथ बनाए गए थे।
रामपुर मनिहारान में 75 फीसदी मतदान होने की पुष्टि एडीएम-ई ओपी वर्मा तथा नानौता और देवबंद में क्रमश: 68.5 और 66 फीसदी मतदान होने की पुष्टि एडीएम-एफ सैयद निजामुद्दीन ने की।
प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद
जिला एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दूसरे चरण में मंगलवार को हुए मतदान के बाद कुल 1309 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। जिला पंचायत के 11 वार्डों पर 130 और क्षेत्र पंचायत के 269 वार्डों पर 1179 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मतदान के बाद कई प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, तो कईयों की हवा निकल चुकी है। मतगणना एक नवंबर को होगी, जिसका प्रत्याशियों के साथ ही उनके समर्थकों को इंतजार है।