उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जिला कारागार से 62 विचाराधीन बंदियों को अंतरिम जमानत पर 60 दिन के लिए रिहा किया गया। अभी तक जिला कारागार एवं उपकारागार देवबंद से 216 बंदी रिहा किए जा चुके हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीडी) ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज अश्विनी कुमार त्रिपाठी के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कल्पना पाण्डेय अपर जिला जज के आदेश से छह, लीलू एसीजेएम देवबंद के आदेश से चार और कुमार आशीष जेएम द्वितीय के आदेश से सात वर्ष तक की सजा वाले मामलों के विचाराधीन 52 बंदियों को छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों की कमेटी का गठन किया है। जो प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ऐसे विचाराधीन बंदियों को अग्रिम आदेश तक छोडे़गी।