बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। युवती की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक युवती के परिजनों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया गया है कि थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोमवार को युवती को थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के एक गांव से शादी के लिए मेहमान देखने के लिए आने वाले थे। इस पर युवती ने जहर खा लिया। इसका पता चलने पर उसके प्रेमी युवक द्वारा भी जहर खा लिया गया। परिजन दोनों को आनन-फानन में उठाकर सहारनपुर अस्पताल ले गए, जहां युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। युवती के परिजनों ने गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।