सहारनपुर। विभिन्न मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने दिवानी कचहरी तिराहा पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट शेरी को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान कचहरी तिराहा से जुड़े मार्गों पर ट्रैफिक जाम हो गया।
मंगलवार को सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन, कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन, टैक्स एडवोकेट एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से दीवानी कचहरी तिराहे पर मानव श्रृंखला बनाई। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य अंगीरस और महासचिव आदित्य सिंह ने बताया कि बार कौंसिल ऑफ इंडिया के निर्देश पर अधिवक्ता कल्याण के संबंध में यह प्रदर्शन किया गया और प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन में विभिन्न मांगें रखी गईं, जिनमें अधिवक्ताओं के लिए न्यायालय परिसर में भवन, वकीलों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था, पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी, शौचालय की व्यवस्था, मुफ्त इंटरनेट की व्यवस्था, वादकारियों के बैठने की व्यवस्था तथा उचित मूल्य पर खाने-पीने की चीजों की कैंटीन की व्यवस्था कराने सहित नए अधिवक्ताओं को दस हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने, अधिवक्ताओं एवं उनके परिवार का जीवन बीमा, आकस्मिक मृत्यु पर 50 लाख रुपये की व्यवस्था, बीमारी पर निशुल्क उपचार की व्यवस्था, अक्षम, वृद्ध अधिवक्ताओं के लिए पेंशन, पारिवारिक पेंशन की व्यवस्था के अलावा वार्षिक बजट में अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए पांच हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। इस दौरान कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शर्मा, महासचिव जितेंद्र पुंडीर, टैक्स एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, महासचिव विनय अग्रवाल, ज्ञान सिंह पंवार, सिद्धार्थ शंकर त्यागी, शीशपाल सिंह पुंडीर, चौधरी रणधीर सिंह, चौधरी जांनिसार, रविंद्र तोमर, मेहताब अली खान, जयवीर पुंडीर, सतीश सहजवा, महेश गुप्ता, सतीश, जमाल साबरी, आकिल फारुख, अजय शर्मा, संजय वर्मा, राजीव शर्मा, बाबूराम, हरपाल जीवन, अशोक भ्राता, अशोक पुंडीर, अनिल पेगवाल, संजय कुमार, चौधरी नदीम, प्रवीन सूरी, संरक्षक एके चंदानी, फैजान अली, अरविंद रोड, कंवरपाल, प्रवीन चौधरी, रेखा कश्यप, शिल्पा कांबोज अनीता शर्मा, विपिन पुंडीर और अरुण ठाकुर आदि मौजूद रहे।