देवबंद (सहारनपुर)। युवा समाज ने रोहाना टोल प्लाजा पर देवबंद के लोगों को राहत न मिलने पर रोष प्रकट करते हुए रेलवे रोड पर प्रस्तावित फ्लाईओवर का विरोध किया। इस दौरान समाज के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए 12वां प्रतिभा सम्मान आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
रेलवे रोड पर पंजाबी क्लब की बैठक में अध्यक्ष गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के दो माह गुजरने के बाद भी सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर देवबंद के लोगों को अभी तक राहत नहीं दी गई। जो देवबंद की जनता के साथ सरासर धोखा है। महामंत्री गगन गिरधर ने कहा कि रणखंडी रेलवे फाटक के फ्लाईओवर को रेलवे रोड पर उतारकर सरकार विकास के नाम पर रेलवे रोड, शास्त्री चौक और नेचलगढ़ के बाजार को बर्बाद करना चाहती है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजेश अनेजा ने कहा कि 15 सितंबर को गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सभा में 12 वां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें पंजाबी समाज के मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान क्लब सदस्यों ने विधायक ब्रिजेश सिंह से वादे के मुताबिक स्थानीय लोगों को टोल प्लाजा पर राहत दिलाने तथा फ्लाईओवर को शास्त्री चौक की ओर बनवाने के प्रयास किए जाने की मांग की है। अध्यक्षता डा. गुरदीप सिंह सोढ़ी एवं संचालन राजपाल सिंह ने किया। बैठक में सरदार बालेंद्र सिंह, राजेश छाबड़ा, टिंकू चड्ढा, अजय निझारा, राजपाल नारंग आदि मौजूद रहे।