भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
नकुड़। भाकियू अंबावत की बैठक में किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान न होने पर रोष जताया। साथ ही राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम को सौंपा है।
सोमवार को ब्लाक सभागार में सोमपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित भाकियू अंबावत की बैठक में राष्ट्रीय सविच कंवरपाल सिंह और पश्चिमी प्रदेश संयोजक चौ. प्रवीण राठौर ने कहा कि किसानों का बकाया गन्ना भुगतान न होने से किसान आर्थिक रूप से परेशान है। ऐसे में प्रशासन द्वारा ऋण और बिजली बिल अदायगी का दबाव बनाकर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने महामहिम राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम युगराज सिंह को सौंपकर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने और समस्त भुगतान न होने तक ऋण अदायगी का दबाव न बनाये जाने, किसानों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिये जाने, बिजली की बढ़ी दरें वापस लिए जाने, आगामी सत्र में गन्ने का रेट कम से कम चार सौ रुपये प्रति कुंतल किए जाने एवं पशु चिकित्सकों को गांव-गांव भेजकर पशुओं की बीमारियों की जांच कराने की मांग की। बैठक में साहब सिंह, महेंद्र सिंह, सुधीर कुमार, राकेश, रूबेश, धमेंद्र, कर्मवीर, सुरेश, राकेश शर्मा वश्रीपाल आदि किसानों की मौजूदगी रही।