बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। थाना बिहारीगढ़ में तैनात पुलिस कर्मी की थाना परिसार में बने आवास की सीढ़ियों से उतरते समय गिरने से मौत हो गई। सिपाही की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और थाना पुलिस में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना सोमवार की सुबह की है। थाने पर तैनात पुलिस कर्मी ओम सिंह सुबह सात बजे अपने आवास की सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था कि अचानक पैर फिसल जाने से वह नीचे गिर गया। इससे उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार व पुलिस कर्मी घायल ओम सिंह को तत्काल उपचार के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 45 वर्षीय ओम सिंह पुत्र सुखबीर सिंह निवासी गढ़ी कागरान थाना दो घट जिला बागपत की मौत हो गई। ओम सिंह की 20 नवंबर 2018 को थाना रामपुर मनिहारान से बिहारीगढ़ में तैनाती हुई थी। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पुलिस कर्मी व मृतक के परिवार के लोग उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। पुलिस कर्मी की मौत के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित कस्बे के गण्यमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।