देवबंद (सहारनपुर)। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेले में झूले व अन्य खेल तमाशे लगाने वाले ठेकेदार ने नगर पालिका पर 40 हजार पास मांगने तथा न दिए जाने पर बिजली काटने का आरोप लगाया है।
गुलाटी एंड सन्स हरिद्वार के ठेकेदार सुनील कुमार ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी कंपनी ने मेले में झूले आदि लगाने के लिए 22 लाख 751 रुपये में टेंडर लिया हुआ है। जिसमें बिजली का कनेक्शन भी शामिल है। बताया कि टेंडर होने के साथ ही 15 लाख रुपये नगद, 3 लाख 80 हजार रुपये सिक्योरिटी व 3 लाख 28 हजार रुपये जीएसटी के जमा कराए गए थे। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के चलते प्रशासन ने सामान से लगे ट्रक को अंदर नहीं जाने दिया। जिसके चलते दो दिन गाड़ी बाहर ही खड़ी रही। देरी के कारण उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा। सुनील कुमार का आरोप है कि पालिका का एक सभासद उस पर 40 हजार पास देने का दबाव बना रहा है। जब उसने इसमें असमर्थता जताई तो पालिका ने उसकी बिजली सप्लाई काट दी। इतना ही नहीं उसके कार्यालय पर नोटिस चस्पा किया गया है जिसमें पैसा जमा न करने की बात कही गई है। जबकि पूरी रकम पहले ही जमा कर दी गई है। आरोप लगाया कि पालिका का एक सभासद प्रतिदिन 25 से 30 आदमी झूलों पर छोड़ रहा है। इतना ही नहीं कुछ कर्मचारी स्टॉफ के साथ भी अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। सुनील ने एसडीएम से 9 अप्रैल से काटी गई विद्युत सप्लाई को चालू कराने तथा मेले का समय एक सप्ताह बढ़ाए जाने की मांग की है। ताकि नुकसान की भरपाई हो सके।