करौंदी प्रकरण में कार्रवाई न होने पर ब्राह्मण समाज में आक्रोश
देवबंद (सहारनपुर)। करौंदी के युवक अनुज शर्मा को बेरहमी से पीटने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश है। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी यदि एक सप्ताह के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो ब्राह्मण समाज भूख हड़ताल करेगा।
सोमवार को देवीकुंड पर महासभा की बैठक में जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि करौंदी के युवक अनुज शर्मा के साथ छह जनवरी को कुछ लोगों ने बेरहमी से मारपीट की थी। लेकिन तीन माह गुजर जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है जबकि आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने और फैसले के दबाव के लिए लगातार धमकी दे रहे रहे है। पीड़ित परिवार के गुहार लगाने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की है। इसके चलते ही परिवार को गांव छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष रोहित कौशिक ने कहा कि अनुज शर्मा के बच्चों और परिवार वालों पर रोजी रोटी का संकट मंडरा गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा मुहैया कराने तथा आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। इस मौके पर सोनू शर्मा, मनोज शर्मा, देवेंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, अमित शर्मा, रविंद्र शर्मा, आशु शर्मा, वासुदेव शास्त्री, गौरव शर्मा आदि रहे।