छुटमलपुर (देवबंद)। फर्जी प्रवेश दिखाकर यूपी के सहारनपुर जिले के कालेजों द्वारा सौ करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति हड़पने के मामले की जांच के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा एसआईटी की टीम गठित करने के आदेश का यहां छात्र नेताओं ने स्वागत किया है।
कमालपुर रोड स्थित अपने निवास पर आयोजित बैठक में उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के पूर्व निदेशक मो. मुजतबा ने कहा कि वे लंबे समय से यहां के कालेजों द्वारा फर्जी प्रवेश दिखा कर करोड़ों रुपये हड़पे जाने के मामले के खुलासे की जांच उच्च स्तरीय टीम से कराने की मांग करते आ रहे हैं। यूके की भाजपा सरकार ने एसआईटी गठित करके इसकी जांच उसे सौंप कर सराहनीय पहल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के इस क्षेत्र के कई कालेजों ने चंद सालों में ही साम्राज्य खड़ा कर लिया है। यह सब सरकारी धन को हड़प कर किया गया है। घाड़ विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्रधान नासिर अली, चौ मनोज, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव फरमान मलिक, अब्दुल हसीब, राव यूसुफ, अरविंद कांबोज, सुबोध कुमार, अरशद मलिक आदि ने एसआईटी गठन का स्वागत किया है।