गंगोह (सहारनपुर)। सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक हजरत कुतबे आलम शेख अब्दुल कुद्दूस के 494वें उर्स मुबारक पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए जायरीनों ने संत बाबा हरिदास के मंदिर पर जाकर अपनी हाजिरी दर्ज कराई।
रविवार दोपहर सेवा सदन अंबाला वालों के तत्वावधान में परंपरागत रूप से जुलूस निकालकर हजरत कुतबे आलम के समकालीन संत बाबा हरिदास के मंदिर पर धर्मध्वजा प्रतिष्ठापित की गई। सेवा सदन अंबाला वालों की धर्मशाला से भगत मोहनलाल के सानिध्य में जायरीन धर्मध्वजा लेकर जुलूस के साथ शिवचौक पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना उपरांत नाचते गाते श्रद्धालु बाबा हरिदास के मंदिर पहुंचे और वहां धर्मध्वजा प्रतिष्ठापित की। श्रद्धालुओं ने बाबा हरिदास के दर्शन किए और मन्नतें मांगी और प्रसाद वितरण किया गया। हेमचंद जैन, भगत राम मूर्ति, सुशील जैन, अजायब सिंह, हेमराज, भगत लक्ष्मीनारायण, सोमनाथ, अमरदीप, राजेंद्र राणा, दुष्यंत राणा, मनोज जैन, अमरजीत सिंह, शिव कुमार कुशवाहा, संजय शर्मा, राकेश मितल, चंद्रमोहन गोयल, प्रमोद भारती, शिवराज, भानी सिंह, भगत सोनू, सुयश गुप्ता, रमेशचंद गर्ग, अनिरुद्ध शर्मा, राजेश्वर शर्मा आदि शामिल रहे। बुधवार को उर्स का मुख्य कार्यक्रम जुलूस जुब्बा शरीफ का आयोजन होगा।