सहारनपुर। दक्षिण अफ्रीका की राजनीति में भूचाल लाने वाले गुप्ता बंधुओं और उनके रिश्तेदारों के यहां 36 घंटे से प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग की टीम की छापेमारी चल रही है। रात भर टीमें घरों और प्रतिष्ठानों को खंगालती रहीं। महत्वपूर्ण और संदिग्ध दस्तावेजों को कब्जे में लिया। अधिकारी कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखे हुए हैं। हालांकि शिवधाम से मिले दुबई से सहायता और कर्मचारी के खाते में डाली गई बड़ी रकम को लेकर अब नए सिरे से पूरी जांच की जा रही है। इसमें बड़े पैमाने पर ज्वैलरी, जमीन और अन्य खरीद के बिल भी टीमों को मिले हैं।
मंगलवार को अजय गुप्ता एवं उनके दोनों भाइयों, रिश्तेदार अनिल गुप्ता, साझीदार तथा भाजपा नेता अमर गुप्ता समेत सभी रिश्तेदारों के प्रतिष्ठानों एवं आवासों पर प्रवर्तन निदेशालय एवं आयकर विभाग की टीमों की छापेमारी बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को पूरे दिन प्रतिष्ठानों एवं आवासों को खंगालती रही। यही नहीं ईडी और आयकर विभाग की टीमों ने पूरी रात प्रतिष्ठानों और घरों में डेरा डाले रखा। रात भर रिश्तेदारों एवं फैक्ट्रियों के कर्मचारियों से पूछताछ की गई। बुधवार को सुबह से ही अभिलेखों को खंगालने की कार्रवाई चलती रही। इस दौरान हकीकत नगर स्थित प्रतिष्ठान एवं कुछ अन्य स्थानों को पूरा खंगालने के बाद टीमों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए। उसके बाद टीमें यहां से हट गईं, जबकि दिल्ली रोड स्थित फैक्ट्रियों, शिवधाम एवं अन्य आवासों तथा प्रतिष्ठानों में दिन भर कार्रवाई चलती रही। लगातार 36 घंटे तक चली कार्रवाई की जिले भर में चर्चा है। बताया जा रहा है कि स्थानीय आयकर विभाग के भी कई निरीक्षकों को बाद में टीम में शामिल कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि गुप्ता बंधुओं के आवास एवं रिश्तेदारों के प्रतिष्ठानों से टीमों को काफी महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। कंप्यूटर से लिए गए डाटा में भी काफी महत्वपूर्ण अंतरण (ट्रांजेक्शन) भी प्राप्त हुए हैं। जिनमें बड़ी धनराशि का अंतरण भी पकड़े जाने की चर्चा है। हालांकि अधिकारी जांच रिपोर्ट को गोपनीय बता रहे हैं। सिर्फ इतना ही कहा जा रहा है कि काफी जानकारी प्राप्त हुई है। टीम में शामिल एक अधिकारी का कहना है कि जांच टीमें अपनी कार्रवाई कर रही हैं। जो भी दस्तावेज एवं रिकार्ड जब्त किया गया है और जांच रिपोर्ट बनाई जा रही है। उसे उच्चाधिकारियों को सौंपा जाएगा।
--------------
रात साढ़े 10 बजे तोड़ा गया पुस्तैनी आवास का ताला
रानी बाजार स्थित गुप्ता बंधुओं के पुस्तैनी मकान में ताला लगा होने के चलते मंगलवार को एक टीम घर के गेट पर ही दिन भर उच्चाधिकारियों के ताला तोड़ने की अनुमति के लिए इंतजार करती रही। मंगलवार की रात लगभग साढ़े 10 बजे उच्चाधिकारियों से ताला तोड़ने की अनुमति मिल सकी। उसके बाद ही टीम ताला तोड़कर मकान में प्रवेश कर सकी। रात भर मकान को खंगाल डाला।