सहारनपुर। एसडीए अधिकारियों के कारनामे भी अजीब रहते हैं। ताजा मामला शहर में लोगों को फ्लैट तैयार करके देने का है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने पांच मंजिला आवासीय कॉलोनी तैयार करने का पूरा खाका तो तैयार कर लिया, मगर जिस जमीन पर यह आवास बनने हैं, उस जमीन का आवंटन नहीं करा सका। अब फाइल डीएम की टेबिल पर है। माना जा रहा है कि जमीन के आवंटन के बाद ही प्राधिकरण आवासीय योजना को आगे बढ़ा सकेगा।
राज्य सरकार ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण को शहरी सीलिंग की 21.16 लाख वर्ग मीटर जमीन हस्तांतरित की थी। इसमें आईटीसी के पास साहब जी नगर में अर्बन सीलिंग की जमीन भी शामिल थी, जिसका क्षेत्रफल 3600 वर्ग मीटर है। प्राधिकरण ने 85 लाख रुपये जमा कराए थे। वर्ष 2002 में इस जमीन को हैंडओवर कर लिया गया था। मगर तब से प्राधिकरण इस जमीन का कोई इस्तेमाल नहीं कर सका। अब पिछले कई महीने से प्राधिकरण इस जमीन पर पांच मंजिला आवास तैयार करने की बात कहता आ रहा है। आवास का पूरा खाका भी तैयार कर लिया गया है, जिसमें ग्राउंड फ्लोर का इस्तेमाल पार्किंग के लिए, बाकी चार फ्लोर पर फ्लैट तथा पांचवें फ्लोर पर पैंट हाउस बनाने की योजना है। हैरत की बात यह है कि प्राधिकरण इस जमीन का आवंटन नहीं करा सका है। इस संबंध में डीएम की ओर से भी प्राधिकरण के वीसी को पत्र लिखा गया है। डीएम के पत्र के बाद से प्राधिकरण के अधिकारी हरकत में आए हैं। अब डीएम की अध्यक्षता में समिति आवंटन की प्रक्रिया को पूरा करेगी। जिसके बाद ही प्राधिकरण जमीन पर कोई काम करा सकेगा।
सीलिंग की जमीनों को लेकर लापरवाह एसडीए
पूरे शहर में एसडीए के पास सीलिंग की 21.16 लाख वर्ग मीटर जमीन है, जिसे लेकर एसडीए के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि अनेक जगहों पर जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। अक्तूबर 2017 में डीएम की ओर से वीसी को पत्र लिखा गया, जिसमें सरकार द्वारा हस्तांतरित की गई सीलिंग की जमीन का सत्यापन कराकर रिपोर्ट देने को कहा गया। इतना ही नहीं, डीएम ने कब्जा करने वालों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए थे, मगर अभी तक ऐसा कुछ होता नजर नहीं आ रहा है।
-------------------------------------
यहां हैं सीलिंग की जमीनें
राज्य सरकार द्वारा विकास प्राधिकरण को हस्तांतरित की गई सीलिंग की जमीनें शेखपुरा कदीम, दरा अली स्वाद, दरा शिवपुरी, दरा मिलकाना, दरा कोटतला, दरा राजपुरा, मानकमऊ, शेखवाला, मेघ छप्पर, घोघरेकी, चक परागपुर, चक सैयद रजा, चक हरेटी, ग्वालिरा, मोहम्मद माफी, फतेहपुर जट्ट, मिल्क वजीउद्दीनपुर, पठानपुरा, चकआदमपुर, पिंजौरा, बादशाहपुर, ताहरपुर, हसनपुर मजरा, दरगाहपुर, माहीपुरा, हलालपुर, दूधली बुखारा में हैं।
------------------------------------
साहब जी नगर स्थित जमीन पर फ्लैट तैयार करने की हमारी योजना है। हम इस पर जल्द ही काम भी शुरू करने वाले हैं। सीलिंग की जमीन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कुछ जानकारी देने को कहा गया था। उसपर भी हम काम कर रहे हैं।
मनोज कुमार, वीसी, एसडीए।