गंगोह (सहारनपुर)। गांव मोहड़ा स्थित लोक शिक्षा केंद्रों पर तैनात शिक्षा प्रेरकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मानदेय में वृद्धि करने और दो वर्ष का बकाया भुगतान कराने की मांग की है।
शिक्षा प्रेरक योगेश चौधरी आदि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बताया कि शासन द्वारा 15 वर्ष से 80 वर्ष तक के निरक्षर ग्रामीणों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्राथमिक विद्यालय स्थित लोक शिक्षा केंद्र पर एक महिला एवं एक पुरुष को शिक्षा प्रेरक नियुक्त किया गया है। बताया कि शिक्षा प्रेरकों को केवल दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। बताया कि इतने कम मानदेय में परिवार का पालन-पोषण करना असंभव है। पत्र में यह भी बताया कि अन्य राज्यों में प्रत्येक राज्य सरकार की ओर से राज्य कोष से मानदेय धनराशि में वृद्धि करके शिक्षा प्रेरकों को भुगतान किया जा रहा है। शिक्षा प्रेरकों ने प्रदेश सरकार से भी मानदेय में वृद्धि करने और 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2017 तक का बकाया मानदेय भुगतान कराने की मांग की है।