सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि लोग अपनी लाइफ स्टाइल बदलें और कम कचरा उत्पन्न करें। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए जरूरी है कि लोग अपने आस पास का परिवेश साफ रखें और कचरा मुक्त संस्कृति को अपनाएं।
शनिवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला एकीकरण समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि जिले का इतिहास सद्भावपूर्ण और अच्छा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में चुनौतियां भी बढ़ी हैं। इसका एक कारण यह भी कि आज लोगों में आपसी संवाद कम हो रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे दूसरे के विचारों को सुनने की जगह दें। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को जीवन में उतारने का आह्वान किया। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि कालेजों में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के दर्जनों स्कूलों में जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला पंचायत चेयरपर्सन तस्मीम बानो ने कहा कि माता पिता का दायित्व है कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। फादर डेनियल मसीह, जयनाथ शर्मा, कुलभूषण जैन, शीतल टंडन, सलीम अख्तर, संदीप चौधरी, माजिद अली, सुहैल गाडा, डॉ. सुमन लता आदि ने भी विचार रखे। संचालन डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया।